विश्व पर्यावरण दिवस पर वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ, जनपद में लगाए जाएंगे लगभग 6 लाख पौधे

महराजगंज।(न्यूज पैच)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ जनपद के प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र “दयालु” द्वारा पौधारोपण कर किया । साथ ही पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया।
प्रभारी मंत्री श्री “दयालु” ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में लगभग 6 लाख पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री की दूरदर्शी एवं पर्यावरण-संवेदनशील सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की आधारशिला बनेगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को पौधे वितरित किए जा रहे हैं, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को पूजनीय माना गया है और प्रकृति के प्रति सम्मान हमारी सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। ऐसे समय में जब पूरी दुनिया पर्यावरणीय चुनौतियों से जूझ रही है, भारत का यह अभियान वैश्विक स्तर पर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम को विधायक पनियरा ज्ञानेन्द्र सिंह तथा विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, पीएम स्वनिधि योजना एवं व्यक्तिगत शौचालय योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को एक-एक पौधा वितरित किया गया। जनपद में सभी ब्लॉकों पर लगभग 06 लाख पौधे लगाए गए।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रविकान्त पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सुर्वे तथा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।




