पूर्व भाजपा जिला मंत्री गौतम तिवारी के निधन पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने परिजनों को बंधाया ढाढ़स
गौतम तिवारी के निधन से भाजपा परिवार को हुई अपूरणीय क्षति

महराजगंज।(न्यूज पैच)। भारतीय जनता पार्टी महराजगंज के पूर्व जिला मंत्री गौतम तिवारी के निधन पर शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी उनके आवास पहुंचे। साथ ही शोकाकुल परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष/केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री चौधरी ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि गौतम तिवारी का संगठन और समाज के प्रति योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गौतम तिवारी के निधन से भाजपा परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके निधन से संगठन ने एक समर्पित एवं कर्मठ कार्यकर्ता को खो दिया है। इस दौरान सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पूर्व चेयरमैन कृष्ण गोपाल जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव, जिला मंत्री अरुणेश शुक्ला उर्फ चिंटू सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।




