वाहन खड़ा करने को लेकर विवाद, घर में घुसकर मारपीट का आरोप
बीच-बचाव करने पहुंची महिला से भी मारपीट का आरोप, कार की हेडलाइट क्षतिग्रस्त करने का दावा

भिटौली, महराजगंज।(न्यूज पैच)। वाहन खड़ा करने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद उस समय बढ़ गया, जब एक पक्ष ने घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया। मामले में बलुआ गांव निवासी पुष्पा यादव ने भिटौली थाने में प्रार्थना पत्र देकर पड़ोसी पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुष्पा यादव के मुताबिक, वाहन खड़ा करने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद पड़ोसी पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर उनके घर में घुस आए और उनके ससुर जय श्री यादव के साथ मारपीट करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि ससुर को बचाने के लिए जब वह बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान उनकी मारुति कार की हेडलाइट क्षतिग्रस्त किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थाना प्रभारी सतेन्द्र कुमार राय ने प्रार्थना पत्र मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।




