टेंट की पाइप उतारते समय करंट लगने से युवक की मौत

सिन्दुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्रामसभा मोहनापुर में शनिवार शाम लगभग 7:30 बजे टेंट का सामान उतारते समय करंट लगने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के ग्रामसभा मोहनापुर के मंठहिया टोला निवासी 22 वर्षीय अमन पुत्र सुभाष गांव के ही शारदा गुप्ता की टेंट दुकान पर कार्य करता था। शनिवार शाम वह ट्रॉली से टेंट का सामान गोदाम में उतार रहा था। इसी दौरान लोहे की एक पाइप मकान के सामने लगे ट्रांसफार्मर से सट गई, जिससे पाइप में करंट प्रवाहित हो गया।करंट की चपेट में आने से अमन की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में सिन्दुरिया थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रमोद मौर्य
सिंदुरिया




