फरेंदा रैक प्वाइंट पर पहुंची इफको यूरिया की रैक, किसानों को मिलेगी राहत

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। जिलाधिकारी के विशेष प्रयासों के चलते आनंदनगर–फरेंदा रैक प्वाइंट पर इफको यूरिया की एक पूरी रैक पहुंच गई है। इससे अब किसानों को समय पर यूरिया उपलब्ध हो सकेगा और ओवररेटिंग की समस्या पर भी रोक लगेगी।
जिला कृषि अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि एक रैक में कुल 2650 मैट्रिक टन उर्वरक होता है। इस रैक का पूरा स्टॉक सहकारिता क्षेत्र के बिक्री केंद्रों के माध्यम से किसानों को वितरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पिछले काफी समय से किसानों और जनप्रतिनिधियों द्वारा आनंदनगर रैक प्वाइंट पर उर्वरक रैक की मांग की जा रही थी। इस संबंध में जिलाधिकारी द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इससे पूर्व दिसंबर माह में एचयूआरएल कंपनी की दो रैक यूरिया भी जनपद को मिल चुकी हैं।
जिलाधिकारी ने 21 मार्च को शासन स्तर पर पत्र लिखकर जनपद की स्थिति से अवगत कराया था और अतिरिक्त रैक भेजने का अनुरोध किया था। उसी के परिणामस्वरूप अब इफको यूरिया की पूरी रैक जनपद को प्राप्त हुई है।
इस रैक के आने से किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक आसानी से मिलेगा। साथ ही परिवहन लागत में कमी आएगी और बाजार में ओवररेटिंग की समस्या भी समाप्त होगी।
जिला कृषि अधिकारी ने यह भी बताया कि इफको डीएपी की एक और रैक अगले दो दिनों में आनंदनगर रैक प्वाइंट पर पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा 10 अप्रैल को उर्वरक कंपनियों के साथ हुई बैठक में एनएफएल और कोरोमंडल कंपनियों ने भी यहां रैक भेजने की सहमति दी है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। अब तक 21842 मैट्रिक टन यूरिया और 9824 मैट्रिक टन डीएपी उपलब्ध हो चुका है।
किसानों से अपील की गई है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदें और अनावश्यक भंडारण न करें, क्योंकि उर्वरक की आपूर्ति लगातार जारी है।




