दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 80 किलो दूषित खोया नष्ट

महराजगंज।(न्यूज पैच)। दीपावली पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान शहर की तीन मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर खोया और सोनपापड़ी के कुल तीन नमूने संग्रहित किए गए। वहीं, 80 किलोग्राम दूषित खोया, जिसकी कीमत 24 हजार रुपये बताई गई है, मौके पर नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आयुक्त के आदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II केके उपाध्याय के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बॉसपार रोड स्थित उपेंद्र मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर खोया का नमूना लिया। इसके बाद कोतवाली के निकट स्थित नागेंद्र मिष्ठान भंडार से सोनपापड़ी का नमूना संग्रहित किया गया। इंद्रानगर, कोतवाली के निकट स्थित सुरेश मिष्ठान भंडार का निरीक्षण कर खोया का नमूना लिया गया।
अभियान के दौरान 80 किलोग्राम दूषित खोया मौके पर नष्ट कराया गया। दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, तीनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित सिंह, हिमांशु जयंत, हंसराज प्रसाद और पवन कुमार गोंड शामिल रहे।




