पीएम स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने पर नगर पालिका में लोक कल्याण मेले का आयोजन, पथ विक्रेताओं को किया गया सम्मानित

महराजगंज।(न्यूज पैच)। प्रधानमंत्री स्वनिधि (पीएम स्वनिधि) योजना के सफलतापूर्वक छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को नगर पालिका परिषद महराजगंज के सभागार में भव्य लोक कल्याण मेला एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त कर स्वरोजगार को मजबूत बनाने वाले पथ विक्रेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के बड़ी संख्या में रेहड़ी, पटरी एवं ठेला लगाकर आजीविका चलाने वाले पथ विक्रेताओं ने भाग लिया। समारोह के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों और पथ विक्रेताओं के लिए आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। उन्होंने कहा कि पहले छोटे दुकानदारों और ठेला व्यवसायियों को पूंजी के अभाव में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब इस योजना के माध्यम से उन्हें बिना किसी जटिल प्रक्रिया के आसान ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे हजारों लोगों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीब, श्रमिक एवं छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रही है। पीएम स्वनिधि योजना ने न केवल छोटे कारोबारियों की आय बढ़ाई है, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि योजना के अंतर्गत समय से ऋण चुकाने वाले लाभार्थियों को पुनः अधिक राशि का ऋण, ब्याज में सब्सिडी तथा डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। डिजिटल भुगतान अपनाने वाले पथ विक्रेताओं को कैशबैक सुविधा का लाभ भी प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर डूडा अधिकारी आनंद त्रिपाठी ने लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा पात्र लोगों से इन योजनाओं से जुड़कर लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की है और इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।
सम्मान समारोह के दौरान उन पथ विक्रेताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिन्होंने समय से द्वितीय एवं तृतीय ऋण का भुगतान किया, अधिकतम डिजिटल लेनदेन किया तथा स्वनिधि से समृद्धि योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य किया। उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी आलोक मिश्रा, एलडीएम बी.एन. मिश्रा, सीएमएम डूडा आनंद त्रिपाठी, राकेश अग्रहरी, संजीव शुक्ला सहित बड़ी संख्या में पथ विक्रेता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




