नशीली दवा नेपाल ले जा रहे गोरखपुर के तीन धंधेबाज गिरफ्तार
एमआर (मेडिकल रिप्रेंटेटीव) की तरह से गोरखपुर में करते थे काम, नेपाल बार्डर तक ले जानी थी नशे की डोज

महराजगंज।(न्यूज पैच)। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के श्यामदेउरवा स्टेडियम के पास बृहस्पतिवार को दोपहर बाद नशे में प्रयोग होने वाली दवाओं के साथ गोरखपुर जिले के रहने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। इनके पास से 26 पैकेट ट्रैमालैब कैप्सूल (6240 कैप्सूल) व 73 पैकेट एलजोमैक टेबलेट (43800 टेबलेट),अल्ट्रापार नियो टेबलेट 25 बक्स(3750 टेबलेट) बरामद किया गया। आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय चालान कर दिया। जहां से इनको जेल भेज दिया गया। आरोपी गोरखपुर से दवा लेकर नेपाल बार्डर तक पहुंचाने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसाार, पुलिस टीम को इस धंधे के बारे में भनक लगी तो जांच तेज कर दी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने श्यामदेउरवा स्टेडियम के पास वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक ही बाइक पर बैग में नशीली दवाओं को लेकर आरोप आ रहे थे। करीब आते ही पुलिस टीम ने इन तीनों को दबोच लिया। क्योंकि इनके बारे में पहले की सटीक जानकारी मिल चुकी थी।
रामसमुश निवासी खरोहवा थाना बेलीपार जनपद गोरखपुर, नवीन कुमार गौतम निवासी अंधीयारीबाग उत्तरी थाना गोरखनाथ जनपद गोरखपुर व संदीप कुमार निवासी ग्राम डोहरिया थाना तिवारीपुर जिला गोरखपुर को ग्राम श्यामदेरवां स्टेडियम के पास से पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया। ये तीनों गोरखपुर से दवा लेकर नेपाल बेचने जा रहे थे। नशे में प्रयोग होने वाली दवाओं की भारतीय बाजार में कीमत लाखों में होती है। उपलब्धता बहुत कठिन होती है।
अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करोडों रुपये में है। आरोपी किराये की गाड़ी का इस्तेमाल कर घटना को अंजाम देते थे। बरामद दवा की अन्तर्राष्ट्रीय कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है। तीन माह से ये तीनों एक साथ धंधा कर रहे थे।पुलिस की जांच पता चला की ये उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद जब कोई काम नहीं मिला तो जल्दी अमिर बनने की चाह में गलत रास्ते की ओर से चल पडे। रामसमुश एमए तक पढ़ाई की। नवीन कुमार गौतम बीए तो संदीप ने एमए तक शिक्षा हासिल की। ये एमआर की तरह से गोरखपुर में काम करते थे। इससे इनके धंधे पर किसी को शक भी नहीं होता था।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया की गिरफ्तार तीनों आरोपियों को बृहस्पतिवार को जेल भेजने के साथ ही इनके नेटवर्क के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। पुलिस की ओर से सख्ती बढ़ा दी गई है।
सुनील कुमार श्रीवास्तव




