डीएम व सीडीओ ने स्वगणना कर डिजिटल जनगणना के लिए जनपदवासियो को किया प्रेरित,
पंचायत भवन पर जनजागरुकता कार्यशाला आयोजन के दिए निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह द्वारा आज कलेक्ट्रेट सभागार में स्वयं स्वगणना कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वगणना के लिए प्रेरित किया गया।
आज दोपहर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि/रा), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित विभिन्न जिलास्तरीय अधिकारियों ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी स्वगणना पूर्ण की। जिलाधिकारी महोदय ने https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वयं स्वगणना की प्रक्रिया पूरी की, जिसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी स्वगणना का कार्य संपन्न किया।
इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वगणना की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई तथा ऑनलाइन पंजीकरण एवं विवरण भरने के तरीके से अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, साक्षरता, आवास एवं अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का विस्तृत आंकड़ा उपलब्ध कराती है। यह विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के वितरण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के निर्धारण तथा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के लिए आधारभूत डेटा का प्रमुख स्रोत है। इसलिए जनगणना का कार्य पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ किया जाना चाहिए।
उन्होंने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों एवं कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अपने अधीनस्थ समस्त कर्मचारियों की स्वगणना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराएं। साथ ही पंचायत भवनों में कार्यशालाएं आयोजित कर आमजन को स्वगणना प्रक्रिया से अवगत कराया जाए। उन्होंने ग्राम एवं वार्ड स्तर के कर्मचारियों को मिशन मोड में कार्य पूर्ण कराने तथा विद्यालयों के माध्यम से अभिभावकों को भी जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त उपजिलाधिकारी प्रेम शंकर पांडेय, डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह, जिला आबकारी अधिकारी अतुल द्विवेदी, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी ए.पी. सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




