डीएम को पत्र देकर आधार सुधार केंद्र खोलने की मांग
दर्जनों गांवों के लोगों को आधार बनवाने और सुधार कराने में हो रही भारी परेशानी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन के नेतृत्व में बागापार के दर्जनों ग्रामीण मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र देकर बागापार कस्बे में आधार सुधार केंद्र संचालित करने की मांग की।
ग्रामीणों ने डीएम को दिये गये पत्र में लिखा है कि बागापार जनसंख्या एवं क्षेत्रफल की दृष्टि से जिले की बड़ी ग्राम पंचायत है। यहां के निवासियों सहित आसपास की ग्राम पंचायतों बेलवाकाजी, विजयपुर, बरगदवा राजा, जगपुर उर्फ सलामतगढ़, केवलापुर खुर्द, परासखांड़, बड़हरा राजा, कटहरा, बरवाराजा, बसंतपुर, नदुआ बाजार, रामपुर बुजुर्ग आदि गांव के हजारों ग्रामीणों को आधार कार्ड में नाम, पता, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि एवं अन्य सुधार कराने के लिए दूर-दराज के केंद्रों पर जाना पड़ता है।
आधार सुधार केंद्र दूर होने के कारण ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं विद्यार्थियों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ता है तथा आर्थिक एवं समय की भी भारी समस्या उत्पन्न होती है। क्षेत्र की बड़ी आबादी होने के बावजूद बागापार में आधार सुधार केंद्र का अभाव आमजन के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों ने मांग किया कि जनहित को दृष्टिगत रखते हुए बागापार में स्थायी आधार सुधार केंद्र संचालित किया जाए, जिससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को राहत मिल सके एवं उन्हें आधार संबंधी कार्यों के लिए भटकना न पड़े।
इस मौके पर मिथिलेश सिंह, दिग्विजय सिंह, धर्मेंद्र यादव, कमलेश शर्मा, मधुबन मौर्य, दीपक जायसवाल, पप्पू वर्मा, रामहरख साहनी आदि मौजूद रहे।




