टॉप न्यूज़महराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

होमगार्ड परीक्षा को लेकर डीएम ने की बैठक,परीक्षा केद्रो का निरीक्षण कर पारदर्शी व निष्पक्ष परीक्षा सम्पन्न कराने के दिये निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। होमगार्ड पदों पर एनरोलमेंट परीक्षा–2025 को दिनांक 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को जनपद में सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में परीक्षा से संबंधित स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और पुलिस केंद्र प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों के साथ परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने परीक्षा कार्य में लगाए गए सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें, ताकि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न कराया जा सके। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, केंद्र पुलिस प्रभारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी 11 परीक्षा केंद्रों का परीक्षा से पूर्व अनिवार्य रूप से निरीक्षण कर लें तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की गहन जांच कर लें। यदि किसी भी केंद्र पर कोई कमी पाई जाती है तो उसे तत्काल संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाकर समय रहते दूर कराएं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने समस्त परीक्षा केंद्रों पर साफ–सफाई, शुद्ध पेयजल और मेडिकल टीम की परीक्षा अवधि के दौरान उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही परीक्षा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विद्युत विभाग को निर्देशित किया। कहा कि सभी अधिकारी सुनिश्चित करें कि परीक्षा सुचारू और शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न हो।

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के सामान सुरक्षित रखने के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। क्लॉक रूम को परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार के समीप ही स्थापित किया जाए, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें इधर-उधर भटकना न पड़े। साथ ही परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि परीक्षार्थियों से किसी भी प्रकार की अनावश्यक वसूली न होने पाए।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नकलविहीन और शुचितापूर्ण परीक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए परीक्षा के दौरान कोई भी ऐसी घटना न हो जिससे परीक्षा की शुचिता पर प्रश्न खड़ा हो। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परीक्षार्थियों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ ने परीक्षा के प्रक्रिया और निर्देशों से अवगत कराया। साथ ही जनपद के लिए नामित जिला प्रबंधक डॉ. दिवाकर सिंह ने परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर 25, 26 और 27 अप्रैल को कुल 06 पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 25920 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। प्रति पाली 4320 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से मध्याह्न 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश परीक्षा से 02 घंटे पूर्व शुरू होगा और आधे घंटे पूर्व प्रवेश बंद हो जाएगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ प्रशांत कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, बीएसए सुश्री ऋद्धि पांडेय, जिला युवा कल्याण अधिकारी वैभव सिंह, डीपीआरओ सुश्री श्रेया मिश्रा, नायब तहसीलदार सदर देश दीपक त्रिपाठी सहित सभी सेक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पुलिस केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!