महिला कल्याण विभाग ने स्वास्थ्य केंद्र पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया
कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह और महिला कल्याण योजनाओं की दी गई जानकारी, लाभार्थियों को बांटे गए पंपलेट

महराजगंज।(न्यूज पैच)। महिला कल्याण विभाग की ओर से शुक्रवार को नगरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, इंदिरा नगर में महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमा नाथ राय के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम में हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) रत्ना तिवारी ने उपस्थित महिलाओं को कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम, बाल विवाह निषेध, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल अधिकारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान महिलाओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
रत्ना तिवारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, वन स्टॉप सेंटर सेवाएं, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन तथा 181 महिला हेल्पलाइन सहित अन्य योजनाओं के उद्देश्य और पात्रता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने तथा अन्य पात्र लोगों को भी इनके प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारी डॉ. नमिता गुप्ता की उपस्थिति में स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर एएनएम कंचन मिश्रा, उषा रौनियार, सुमन पांडेय, कन्हैया सहित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला कल्याण विभाग के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।




