पुरन्दरपुर पुलिस ने शातिर चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
चोरी का माल, अवैध तमंचे, कारतूस और 20,420 रुपये नकद बरामद; कई आपराधिक मामलों में वांछित हैं आरोपी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुरन्दरपुर पुलिस ने एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान, दो अवैध तमंचे, कारतूस, नकदी तथा अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी फरेंदा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम हरैया रघुवीर निवासी गंगाराम वर्मा अपने रिश्तेदारी में आयोजित मुंडन समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सिलाई मशीन, गैस सिलेंडर, बर्तन, पायल, कान की बाली और नकदी चोरी कर ली थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुरन्दरपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गोविन्द उर्फ गोभी, दिनेश यादव और सुजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ एवं बरामदगी के आधार पर इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे, सात जिंदा कारतूस, दो गैस सिलेंडर, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी पायल, छह चांदी के सिक्के, एक एलईडी टीवी, पांच पीतल की थालियां, तीन पीतल के लोटे तथा 20,420 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार नकदी चोरी के सामान को बेचकर प्राप्त की गई थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी गोविन्द उर्फ गोभी के विरुद्ध चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में महराजगंज के विभिन्न थानों में अनेक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दिनेश यादव के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट, चोरी, सड़क दुर्घटना सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीसरे आरोपी सुजीत यादव के विरुद्ध भी चोरी के मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया, उपनिरीक्षक अभय सिंह, अजय कुमार, भूपेन्द्र प्रताप सिंह, राहुल यादव, जनार्दन चौधरी तथा पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। साथ ही बरामद सामान के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।




