जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ महराजगंज पुलिस का व्यापक अभियान, 86 स्थानों पर चेकिंग
सभी थाना क्षेत्रों में सार्वजनिक और संदिग्ध स्थानों पर की गई जांच-पड़ताल, अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में अवैध जुआ और सट्टेबाजी की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए महराजगंज पुलिस ने सोमवार को सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 86 स्थानों पर सघन जांच-पड़ताल की गई।
अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, संभावित जुआ स्थलों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर जांच की। साथ ही लोगों को जुआ एवं सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, जनपद पुलिस अवैध जुआ और सट्टेबाजी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रखेगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी जुआ या सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियां संचालित होती दिखाई दें, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।




