डी एम ने गुरु गोरक्षनाथ मंदिर व रामग्राम परियोजना का किया स्थलीय निरीक्षण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने आज चौक स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर एवं रामग्राम परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम गुरु गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया तथा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने पर्यटन अधिकारी को मंदिर परिसर में यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार हेतु विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने सोनाड़ी देवी मंदिर परिसर का भी अवलोकन किया तथा वहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पाथवे निर्माण एवं समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक लाइटें स्थापित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मंदिरों में श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसको सुनिश्चित किया जाए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने रामग्राम परियोजना का निरीक्षण किया। परियोजना कार्यों में हो रही देरी पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना की अगली किश्त जारी कराने के लिए पर्यटन विभाग से आवश्यक पत्राचार करने का निर्देश दिया। उन्होंने परियोजना के तहत निर्माणाधीन सरोवर की गहराई बढ़ाने के उद्देश्य से अतिरिक्त खुदाई कराए जाने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि रामग्राम परियोजना जनपद की पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परियोजना के सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
परियोजना का निर्माण यूपीपीसीएल द्वारा किया जा रहा है। परियोजना की लागत कुल 7.14 करोड़ रुपया है। परियोजना में कैफेटेरिया, डॉरमेट्री, मेडिटेशन हॉल, टॉयलेट ब्लॉक, सरोवर सुंदरीकरण सहित अन्य कार्य किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, पर्यटन अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जूनियर इंजीनियर यूपीपीसीएल सुनील मौर्या सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आर्यन श्रीवास्तव




