वाराणसी में आयोजित राष्ट्रीय सहकारी कार्यशाला में जिलाधिकारी ने प्रस्तुत किया सहकारिता आंदोलन के विकास का खाका

महराजगंज।(न्यूज पैच)। वाराणसी में आयोजित राष्ट्रीय सहकारी कार्यशाला में पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि जनपद के रूप में जनपद महराजगंज द्वारा सहकारिता के क्षेत्र में किये जा रहे नवाचारी प्रयासों और प्राप्त विशिष्ट उपलब्धियों पर आधारित एक बृहद प्रेजेंटेशन कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया।
राष्ट्रीय सहकारी कार्यशाला में पूरे देश के विभिन्न राज्यो के प्रमुख सचिव, रजिस्ट्रार, भारत सरकार के सचिव सहित शीर्ष स्तर के अधिकारी शामिल हुए। ऐसे में जनपद महराजगंज के उपलब्धियों को देश स्तर पर प्रस्तुत करना एक उल्लेखनीय उपलब्धि रही। प्रस्तुतिकरण में जनपद में सहकारिता के विकास के लिए किए जा रहे नवाचारी प्रयासों को जिलाधिकारी महोदय द्वारा प्रस्तुत किया गया।
सहकार से समृद्धि
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित ‘सहकार से समृद्धि’ योजना अंतर्गत जनपद में 62 पैक्स द्वारा CSC का संचालन किया जा रहा है। 03 समितियो द्वारा जन औषधि केंद्र का संचालन किया जा रहा है। 09 नए एम-पैक्स का गठन किया जा चुका है। 50 कंप्यूटरीकृत समितियो द्वारा ई- डिस्ट्रिक्ट की सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही है। हाल ही में चलाए गए सदस्यता अभियान के अंतर्गत जनपद महराजगंज ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए 1 लाख 30 हजार सदस्य बनाया था और 2 करोड़ 20 लाख रुपये की शेयर पूंजी हासिल की गई थी। वर्ष 2022-23 में जनपद की 56 समितियो का जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण का कार्य जनपद स्तर पर कराया गया था, जो अपने तरह का इकलौता मॉडल था। बाद में पूरे प्रदेश में इसे लागू किया गया था।
कंप्यूटरीकरण योजना अंतर्गत प्रथम और द्वितीय चरण में चयनित 50 समितियो को ई-पैक्स में बदला गया है, जहाँ सभी ट्रांजेक्शन ऑनलाइन माध्यम से हो रहे हैं। इसी प्रकार जिला सहकारी बैंक को मजबूत और सशक्त बनाने के लिए एक समन्वित और एकीकृत मॉडल तैयार किया गया है। दुग्ध, मत्स्य और पैक्स द्वारा किये जा रहे बैंकिंग लेन देन को जिला सहकारी बैंक से जोड़ा जा रहा है। समितियो के अतिरिक्त सदस्यों के खाते भी जिला सहकारी बैंक में खोले जा रहे है। इससे एक तरफ जिला सहकारी बैंक के डिपाजिट में वृद्धि हो रही है तो दूसरी तरफ नए खातों की संख्या भी बढ़ी है। इसी प्रकार अल्पकालिक ऋण वितरण में भी अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2020-21 में जहाँ जिला सहकारी बैंक गोरखपुर द्वारा 391 लाख का ऋण वितरण किया गया था, वही 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़ कर लगभग 49 करोड़ पहुँच गया है। जिन समितियो में बिजली की समस्या थी, उन समितियो में प्रदेश सरकार के सहयोग से सोलर रूप टॉप लगाया जा रहा है। कुल 19 समितियो में सोलर रूप टॉप लगाया जा चुका है। शेष में भी चरणबद्ध तरीके से लगाया जाना है।
जिलाधिकारी महोदय ने बताया कि वर्ष 2023-24 तक जनपद में स्थिति कुल 96 समितियो में मात्र 61 ही क्रियाशील थी। प्रदेश सरकार द्वारा प्रदत्त 10 लाख की व्याजमुक्त क्रेडिट लिमिट से अब 95 समितियॉ क्रियाशील हो चुकी है। इससे समितियो द्वारा किया जा रहा उर्वरक व्यवसाय 2023-24 में 56 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 86 करोड़ तक पहुँच गया है।
प्रस्तुतिकरण के दौरान आयुक्त एवं निबन्धक सहकारिता उत्तर प्रदेश द्वारा सदस्यता अभियान में उल्लेखनीय उपलब्धि हेतु जनपद महराजगंज की प्रशंसा की गई तथा भविष्य में और बेहतर कार्य करने की शुभकामना दी गयी।




