ब्रेकिंग न्यूजमहराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

रोटरी क्लब महाराजगंज की नई कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी, नौवें पदस्थापन समारोह में सेवा और सामाजिक सरोकारों पर दिया गया जोर

जनपद न्यायाधीश अरविंद मलिक रहे मुख्य अतिथि, वरिष्ठ अधिवक्ता हमीदुल्लाह खान ने अध्यक्ष पद की शपथ ली

महराजगंज।(न्यूज पैच)। रोटरी क्लब महाराजगंज का नौवां पदस्थापन समारोह शुक्रवार देर शाम शिकारपुर स्थित विभा पैलेस में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में जनपद न्यायाधीश अरविंद मलिक मुख्य अतिथि तथा रोटरी क्लब प्रयागराज के डिस्ट्रिक्ट सेक्रेट्री अजय शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कर समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

समारोह के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता एडवोकेट हमीदुल्लाह खान ने रोटरी क्लब महाराजगंज के अध्यक्ष, आत्माराम गुप्त ने सचिव तथा पंकज मौर्य ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण के बाद उपस्थित रोटेरियनों और अतिथियों ने नवगठित टीम का स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।

मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश अरविंद मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी द्वारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का संकल्प अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता केवल उसके पदाधिकारियों पर नहीं, बल्कि प्रत्येक सदस्य की निष्ठा, अनुशासन, पारदर्शिता और समर्पण पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि पद अधिकार का नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व और सेवा का माध्यम है। न्यायपालिका और रोटरी, दोनों का अंतिम उद्देश्य समाज में न्याय, शांति, विश्वास और मानवीय मूल्यों की स्थापना करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम समाजहित में उल्लेखनीय कार्य करेगी।

मुख्य वक्ता एवं रोटरी क्लब प्रयागराज के डिस्ट्रिक्ट सेक्रेट्री अजय शर्मा ने कहा कि रोटरी क्लब महाराजगंज समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित लोगों की सक्रिय भागीदारी यह साबित करती है कि क्लब सेवा भावना के साथ कार्य कर रहा है और सामूहिक प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष हमीदुल्लाह खान ने पदभार ग्रहण करने के बाद सभी अतिथियों एवं रोटेरियन साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि रोटरी का मूल मंत्र “स्वयं से ऊपर सेवा” प्रत्येक सदस्य को समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी सदस्यों से सेवा, सद्भाव और मानवीय मूल्यों के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया तथा सहयोग और विश्वास के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

रोटरी क्लब के संस्थापक अध्यक्ष विंध्यवासिनी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि क्लब की स्थापना सेवा, मित्रता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ की गई थी। उन्होंने कहा कि क्लब को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर देखकर गर्व का अनुभव होता है और उन्हें विश्वास है कि नई टीम समर्पण, पारदर्शिता और सेवा के माध्यम से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों का बैज, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मान किया गया। निवर्तमान अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने स्वागत भाषण दिया, जबकि अध्यक्ष हमीदुल्लाह खान, संस्थापक अध्यक्ष विंध्यवासिनी सिंह एवं सचिव आत्माराम गुप्त ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन कोषाध्यक्ष पंकज मौर्य ने किया तथा अंत में आभार ज्ञापन संस्थापक अध्यक्ष विंध्यवासिनी सिंह ने व्यक्त किया।

समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता ब्रजेंद्र नाथ त्रिपाठी, रोटरी क्लब के पूर्व असिस्टेंट गवर्नर डॉ. भरत श्रीवास्तव, डॉ. सलीम खान, डॉ. डी.के. साहनी, डॉ. राजीव मद्धेशिया, विजय सिंह संत, डॉ. जैनुलाब्दीन, डॉ. अरुण कुमार गुप्ता, दशरथ गुप्ता, देवेश कुमार पांडेय, विनोद गुप्ता, डॉ. कृष्णा साहनी, डॉ. तरन्नुम सुल्तान, आगामी अध्यक्ष डॉ. रश्मि श्रीवास्तव, डॉ. ए.वी. त्रिपाठी, रवि गोयनका, महेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. साजिद अहरारी, धनंजय सिंह, अनूप कुमार टिबड़ेवाल, इशरत जावेद फारुकी, सद्दाम हुसैन, मोहम्मद सैफुल्लाह, वरुण बंसल, डॉ. अमित हालदार, सुरेश कश्यप, ओम प्रकाश गुप्ता, श्याम बिहारी गुप्ता, अजय कुमार अग्रहरी सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!