स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों पर संगोष्ठी आयोजित
शिब्बन लाल सक्सेना महराजगंज के मसीहा : दिलीप कुमार पांडे

सिन्दुरिया/महराजगंज।(न्यूज़ पैच)। नगर पंचायत चौक बाजार स्थित दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज में राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा माध्यमिक उत्तर प्रदेश, लखनऊ एवं जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा के निर्देश के क्रम में भारतीय भाषा समर कैंप-2026 के तहत सोमवार को सांस्कृतिक सराहना, श्रवण कौशल विकास तथा स्थानीय नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में विद्यालय के शिक्षक दिलीप कुमार पांडे ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय शिब्बन लाल सक्सेना महराजगंज के मसीहा थे। उन्होंने बताया कि शिब्बन लाल सक्सेना शिक्षाविद, स्वतंत्रता सेनानी एवं राजनेता थे। वे संविधान सभा के सदस्य और सांसद भी रहे। उन्होंने 1932 में महात्मा गांधी के आह्वान पर स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लिया और किसानों, मजदूरों, दलितों एवं शोषितों के उत्थान के लिए जीवनभर संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि शिब्बन लाल सक्सेना को पूर्वांचल का गांधी और लेनिन भी कहा जाता था। अपने 58 वर्षों के राजनीतिक जीवन में वे 17 बार गिरफ्तार हुए और लगभग 13 वर्ष विभिन्न जेलों में बिताए। छात्र-छात्राओं को उनके संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
विशिष्ट वक्ता रामसुखी यादव ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत भाषा आधारित समर कैंप का उद्देश्य बच्चों में खेल-खेल में संचार कौशल, नई भाषा सीखने की रुचि और बहुभाषी समझ विकसित करना है। इससे बच्चों में संवेदनशीलता और समावेशी भावना का भी विकास होता है।
कार्यक्रम का संचालन बिनोद कुमार विमल एवं संयोजन आकाश राव द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रमोद मौर्य




