विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय: डीएम गौरव सिंह सोगरवाल
विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में एनआरएलएम, जल जीवन मिशन, शिक्षा, पंचायत और ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, कई अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा के दौरान स्वयं सहायता समूहों के गठन में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने घुघुली एवं परतावल के सहायक विकास अधिकारियों (ग्राम्य विकास) को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
वीबी-जी-राम (VB-G-RAM) योजना की समीक्षा में जिलाधिकारी ने गत वित्तीय वर्ष की तुलना में अधिक मानव दिवस सृजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कन्वर्जेंस के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों के प्राक्कलन तत्काल तैयार कर निर्माण कार्य शुरू कराने, सभी चिन्हित खेल मैदानों पर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने तथा प्रत्येक विकास खंड में कम से कम एक मिनी स्टेडियम के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बाउंड्री विहीन विद्यालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में एक सप्ताह के भीतर चारदीवारी निर्माण शुरू कराने तथा 331 विद्यालयों में वर्षा के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने पर भी जोर दिया।
पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरआरसी के प्रभावी संचालन, ग्राम पंचायतों में संचालित ई-रिक्शों का सत्यापन कराने तथा ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, डिजिटल समावेशन, साक्षरता, स्वयं सहायता समूह और आजीविका संबंधी गतिविधियों को शामिल करने को कहा।
जिलाधिकारी ने गोशालाओं के बेहतर संचालन पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि जिन गोशालाओं के पास पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, वहां हरे चारे की बुवाई कराई जाए। साथ ही गोशालाओं को स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) से जोड़ने, गुणवत्तापूर्ण भूसा एवं पशु आहार उपलब्ध कराने तथा पशु चिकित्साधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा में अधूरी पेयजल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित खंड विकास अधिकारी स्वयं उसका भौतिक सत्यापन करेंगे। उन्होंने जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए।
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में विद्यालयों में नामांकन अभियान की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर नौतनवा, निचलौल, लक्ष्मीपुर और बृजमनगंज के खंड शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया। जिलाधिकारी ने प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
बैठक में फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री, आयुष्मान कार्ड तथा जीरो पॉवर्टी अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने इन सभी योजनाओं को विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। आकांक्षात्मक विकास खंडों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं की साप्ताहिक समीक्षा स्वयं खंड विकास अधिकारी करें और प्रत्येक बैठक की कार्यवाही नियमित रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन की सतत निगरानी की जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए), मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अभियंता (जल निगम), समस्त खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




