अभिविन्यास कार्यक्रम संस्था और विद्यार्थी के उन्नयन में महत्वपूर्ण : डा. शैलेन्द्र प्रताप सिंह
नवागत छात्र/छात्राओं का अभिविन्यास कार्यक्रम हुआ आयोजित

सिन्दुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पंचायत चौक बाजार स्थित गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ महाविद्यालय में सत्र 2026-27 में नव प्रवेशित छात्र/छात्राओं का स्वागत समारोह एवं अभिविन्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अध्यक्ष महाविद्यालय प्रभारी डा. शैलेन्द्र प्रताप सिंह पूर्व प्राचार्य दिग्विजय नाथ पी.जी. कॉलेज गोरखपुर ने छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि-महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण का कार्य करती है व्यक्तित्व का निर्माण शिक्षण संस्थानों के माध्यम से विकसित किया जा सकता है विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना चाहे वह नैतिक हो आध्यात्मिक हो मानसिक हो यह शिक्षण संस्थाओं का प्रमुख उत्तरदायित्व है।
आज का युवा भटक रहा है उसकी सुबह होती है, शाम होती है, और ऐसे ही उसकी जिन्दगी तमाम होती है। आज की युवा पीढ़ी को सही दिशा और सही मार्गदर्शन देना अति आवश्यक है ऐसी स्थिति में कॉलेजों में ओरिएन्टेशन प्रोग्राम, छात्र ओरिएन्टेशन, कर्मचारी ओरिएन्टेशन एवं अभिभावक ओरिएन्टेशन सत्र के प्रारम्भ में और अन्त में समीक्षा बैठक होनी चाहिए।
शिक्षण संस्थानों से निकलने वाला छात्र आगे चलकर देश की दिशा एवं दशा तय करेगा इस हेतु शिक्षण संस्थानों को शिक्षण व्यवस्था को रुचिकर बनाने हेतु नवाचार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य, कार्य संस्कृति, परिवेश, प्रबन्धन की आकांक्षा व अपेक्षा तथा उपलब्ध संसाधनों से परिचित कराना ही अभिविन्यास कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। अभिविन्यास कार्यक्रम छात्र/छात्राओं को विद्यालय जीवन से परिचित कराना, संस्था के वातावरण से अवगत कराना, संस्था के सदस्यों और उपलब्ध संसाधन से कनेक्ट करना है। कार्यक्रम के अन्त में खाद्य एवं प्रसंस्करण विभाग, उत्तर प्रदेश के सौजन्य से 15 दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के चित्र सम्मुख दीप प्रज्वलन एवं पुष्पान्जलि के साथ हुआ कार्यक्रम के शुरुआत में महाविद्यालय के समस्त शिक्षकों द्वारा अपना एक संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया गया।विभिन्न विभागों के छात्र/छात्राओं द्वारा विषय से सम्बन्धित मॉडल/प्रोजेक्ट की एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। महाविद्यालय के प्राचार्य डा. रामपाल यादव ने आभार ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा अनामिका ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारीगण व छात्र/छात्राएँ उपस्थित रहें।
प्रमोद कुमार मौर्य




