मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन कल
जिला कांग्रेस कार्यालय से जिला मुख्यालय तक निकाला जाएगा प्रदर्शन, पार्टी कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील

महराजगंज।(न्यूज पैच)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के आह्वान पर महराजगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा सोमवार को धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय महराजगंज से प्रदर्शन शुरू होगा। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट करेंगे।
कांग्रेस की ओर से जारी सूचना में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पद से हटने/इस्तीफा देने की मांग के साथ उनके विरुद्ध गिरफ्तारी की मांग उठाई गई है। पार्टी ने उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की समीक्षा किए जाने और समीक्षा के बाद उन्हें रद्द करने की मांग भी रखी है।
प्रदर्शन जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर जिला मुख्यालय तक पहुंचेगा। जिला उपाध्यक्ष (संगठन) विनोद सिंह ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।




