महराजगंज में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए आयोजित होंगे ‘सेवा सेतु शिविर’

महराजगंज।(न्यूज पैच)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (PMSG:MBY) के लाभों को जन-जन तक पहुंचाने तथा रूफटॉप सोलर के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न विकास खण्ड एवं तहसील परिसरों में ‘सेवा सेतु शिविर’ आयोजित किए जाएंगे।
शिविरों में यूपीनेडा एवं डिस्कॉम के माध्यम से नागरिकों को योजना के लाभ, रूफटॉप सोलर पंजीकरण, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। शिविरों में अधिकृत वेंडरों द्वारा सोलर संयंत्र स्थापना से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 से 21 सितम्बर तक सदर व घुघली, 22 से 26 सितम्बर तक परतावल व बृजमनगंज, 27 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक फरेंदा व धानी, 1 से 6 अक्टूबर तक लक्ष्मीपुर व नौतनवा तथा 7 से 9 अक्टूबर तक सिसवा व निचलौल विकास खण्ड परिसर में शिविर आयोजित होंगे। 10 से 13 अक्टूबर तक पनियरा एवं मिठौरा में शिविर लगेंगे।
इसी क्रम में 14 से 17 अक्टूबर तक सदर, फरेंदा, नौतनवा एवं निचलौल तहसील परिसरों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविरों का समय प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने निकटतम शिविर में पहुंचकर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी प्राप्त करें तथा रूफटॉप सोलर से संबंधित सुविधाओं एवं आवेदन प्रक्रिया का लाभ उठाएं।




