तेईस अगस्त को खेत में मिले युवक के शव के मामले में पांच के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

पनियरा( महराजगंज)। न्यूज पैच। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रामपुर में कच्ची चकरोड से सटे खेत में बीते 23 अगस्त 2026 की सुबह 27 वर्षीय अजय प्रजापति पुत्र कैलाश निवासी गोरखपुर जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत वार्ड नं 18 बुद्ध नगर
का शव मिला था। उक्त मामले में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मृतक की मां जयंती की नामजद तहरीर पर पुलिस ने मृतक की पत्नी, सास, ससुर व दो अन्य पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि जब शव मिला था तो पनियरा पुलिस ने उस वक्त मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम में भेजा था। उस समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कही किसी प्रकार की चोट का निशान नहीं पाया था। मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण विसरा सुरक्षित कर परीक्षण हेतु विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया था।
घटना के दिन मृतक के शव के आठ मीटर की दूरी उसकी बाइक खड़ी मिली थी और उसका दोनों पैर का जूता चकरोड पर पड़ा था। उसके पाकेट में पर्स था । जिसमें छ हजार नब्बे रूपया व आधार कार्ड तथा ड्राइविंग लाइसेंस था।
मृतक का उसकी पत्नी से मुकदमा चल रहा था इसीलिए मृतक के घर वालों को मामला हत्या का लग रहा है और उसमें उसकी पत्नी व ससुराल वालों का कारनामा नजर आ रहा है। मृतक की मां की तहरीर के अनुसार मृतक अजय कुमार पुत्र कैलाश प्रजापति शादी पांच वर्ष पूर्व महराजगंज के कोतवाली थाना के ग्राम पंचायत रसूलपुर हुई थी। केवल तीन माह उसकी पत्नी अंगीरा ससुराल में रही है और घर वालों पर दहेज उत्पीड़न व खर्चा के लिए मुकदमा की है। गोरखपुर में मुकदमें की सुनवाई के दौरान मृतक के ससुराल वालों ने उसे जान से मारने की धमकी थी। पनियरा पुलिस ने उक्त प्रकरण में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रसूलपुर निवासी पत्नी अंगीरा ,ससुर लालचंद, सास ज्ञानतीं ,देवी, पनियरा थाना क्षेत्र के गांगी बाजार निवासी गोलू श्रीवास्तव व अजय प्रजापति की भाभी पिंकी के खिलाफ हत्या का मुकदमा सोमवार को दर्ज कर लिया है।
जब घटना घटित हुई थी तो उस समय पनियरा पुलिस ने गांगी निवासी गोलू श्रीवास्तव के घर से मृतक का बैग व मोबाइल फोन भी बरामद किया था। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मामले में मृतक की मां जयंती की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
आफताब आलम खां
पनियरा महराजगंज




