नगर पालिका अध्यक्ष ने पंत नगर वार्ड का किया निरीक्षण, साफ-सफाई और विकास कार्यों का लिया जायजा
स्थानीय नागरिकों से संवाद कर जानी समस्याएं, सक्सेना नगर में प्रस्तावित पुल निर्माण स्थल का भी किया निरीक्षण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने गुरुवार को पंत नगर वार्ड का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने वार्ड में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित कर्मचारियों को नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में हाल ही में निर्मित सीसी रोड का भी निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
डॉ. पुष्पलता मंगल ने स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है तथा नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
इसके पश्चात नगर पालिका अध्यक्ष सक्सेना नगर पहुंचीं, जहां पुराने अस्पताल के बगल में प्रस्तावित पुल निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पूर्व स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण स्थल की भौगोलिक स्थिति, आवागमन की आवश्यकता तथा संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पुल निर्माण कार्य क्षेत्र की जनता के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। इसलिए निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा कराया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सभासद ब्रजकिशोर सिंह, सफाई नायक इंद्रासन, चालक आरिफ खान सहित क्षेत्र के सम्मानित नागरिक भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा क्षेत्रीय समस्याओं का संज्ञान लेने और विकास कार्यों का निरीक्षण करने पर संतोष व्यक्त किया।
नगर पालिका परिषद द्वारा लगातार किए जा रहे निरीक्षणों को देखते हुए नागरिकों को उम्मीद है कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों का क्रियान्वयन और अधिक प्रभावी ढंग से होगा।




