महराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

मुहर्रम और आगामी पर्वों को लेकर प्रशासन अलर्ट, श्यामदेउरवा में पीस कमेटी बैठक के बाद निकाला फ्लैग मार्च

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आगामी मुहर्रम तथा अन्य प्रमुख पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को श्यामदेउरवा थाने में विभिन्न समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों, धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को सुरक्षा और कानून व्यवस्था का भरोसा दिलाया।

बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर आगामी पर्वों के दौरान शांति, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि महराजगंज की पहचान सदैव आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द के लिए रही है। यहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं, लेकिन कुछ असामाजिक और शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे तत्वों को पहचानकर हतोत्साहित करना प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि मुहर्रम के जुलूस और जुमे की नमाज जैसे आयोजनों को पूरी आपसी समझदारी और समन्वय के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे जुलूस आयोजकों से लिखित रूप में आयोजक का नाम, मोबाइल नंबर, समय और मार्ग का विवरण प्राप्त करें तथा सभी व्यवस्थाओं को पूर्व से ही सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बैठक में उपस्थित लोगों से कहा कि त्योहारों की गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री साझा न करें और न ही अफवाहों पर ध्यान दें।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस की लगातार निगरानी है और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी पोस्ट या संदेश पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक के दौरान दोनों समुदायों के प्रबुद्ध नागरिकों ने भी अपने विचार रखे और प्रशासन को आश्वस्त किया कि सभी त्योहार आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे। उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

पीस कमेटी बैठक के उपरांत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भारी पुलिस बल के साथ श्यामदेउरवा कस्बे के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा असामाजिक तत्वों को कानून के प्रति सतर्क संदेश देना था। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद भी किया और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

फ्लैग मार्च के दौरान बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने पुलिस बल को निर्देश दिया कि आगामी दिनों में नियमित गश्त, निगरानी और खुफिया गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

बैठक एवं फ्लैग मार्च में एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, सीओ सदर, श्यामदेउरवा, भिटौली एवं घुघली के थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी पर्वों को लेकर सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Aryan Srivastava

Aryan Srivastava एक अनुभवी और प्रतिबद्ध पत्रकार हैं, जो वर्तमान में News Patch के जिला संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 वर्षों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है, जिसमें उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डिजिटल न्यूज़ मैनेजमेंट तक हर स्तर पर अपनी दक्षता साबित की है। अपने करियर के दौरान Aryan ने राजनीतिक, सामाजिक और क्षेत्रीय मुद्दों पर गहरी पकड़ विकसित की है। उनकी रिपोर्टिंग निष्पक्षता, सटीकता और विश्वसनीयता के लिए जानी जाती है। वे हमेशा तथ्यों पर आधारित पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं और दर्शकों तक सही और संतुलित जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जिला संवाददाता के रूप में, Aryan अपने क्षेत्र की महत्वपूर्ण खबरों को जमीनी स्तर से कवर करते हैं और उन्हें प्रभावी तरीके से दर्शकों तक पहुंचाते हैं। वे स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए जनसरोकार की पत्रकारिता को मजबूत बनाने का कार्य कर रहे हैं। Aryan का मानना है कि पत्रकारिता केवल खबर देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक सशक्त साधन है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!