कृषि योजनाओं की समीक्षा में डीएम ने किसानों तक समयबद्ध लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश
76.02 लाख की बागवानी कार्ययोजना को मंजूरी, उर्वरक की उपलब्धता और वितरण की भी हुई समीक्षा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने गुरुवार देर शाम कैंप कार्यालय पर कृषि एवं संबंधित विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न किसानपरक योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र किसानों तक उनका लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।
बैठक में जिले में उर्वरक की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। एआर कोऑपरेटिव और जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले में पर्याप्त उर्वरक भंडार उपलब्ध है। किसानों की जरूरत के अनुसार उर्वरक का सुचारू वितरण सुनिश्चित करने की बात कही गई।
76.02 लाख की बागवानी कार्ययोजना मंजूर
बैठक में उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत 76.02 लाख रुपये की कार्ययोजना को जिलास्तरीय समिति ने अनुमोदित किया। कार्ययोजना में फल, फूल एवं सब्जी उत्पादन के साथ मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, कृषि मशीनीकरण, किसान प्रशिक्षण और गोष्ठियों जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
डीएम ने कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए और किसानों से योजना के क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक सुझाव भी आमंत्रित किए।
मिश्रित और प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने पर जोर
पशुपालन, रेशम और कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने इनके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि किसानों को योजनाओं से मिलने वाले लाभों की जानकारी हो सके। उन्होंने उप कृषि निदेशक को मिश्रित कृषि, प्राकृतिक कृषि और पशुपालन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
किसानों ने उठाया पुल निर्माण का मुद्दा
बैठक से पहले जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों से संवाद किया और कृषि क्षेत्र में आय बढ़ाने को लेकर उनके सुझाव सुने। इस दौरान चौक क्षेत्र के किसानों ने जंगल क्षेत्र में लंबे समय से निर्माणाधीन पुल का मुद्दा उठाया।
जिलाधिकारी ने मामले में संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई के लिए वन विभाग को कड़ा पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वनटांगिया गांव मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में हैं और इनके विकास से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने किसानों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। किसानों की ओर से दिए गए उपहार को स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा, “आपका यह प्रेम अमूल्य है।”
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद, उप कृषि निदेशक संजीव कुमार, जिला उद्यान अधिकारी संजय कुमार रस्तोगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




