दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज में भारतीय भाषा समर कैंप-2026 का भव्य आयोजन
भाषा और संस्कृति से जुड़ने का मिला अवसर, छात्रों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

सिंदुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पंचायत चौक बाजार स्थित दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज में मंगलवार को सात दिवसीय भारतीय भाषा समर कैंप-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा माध्यमिक उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा के निर्देश के क्रम में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. हरेंद्र यादव ने कहा कि भाषा विचारों, भावनाओं और ज्ञान के आदान-प्रदान का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि समर कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न भारतीय भाषाओं से परिचित कराना, उनमें सांस्कृतिक विविधता के प्रति सम्मान विकसित करना तथा संवाद कौशल को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षक विनोद कुमार विमल ने कहा कि भारतीय भाषा समर कैंप-2026 राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप बहुभाषिकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल और नई भाषाओं के प्रति रुचि विकसित होगी, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगी।
समर कैंप के प्रथम दिवस पर भोजपुरी एवं कन्नड़ भाषा से संबंधित गतिविधियां आयोजित की गईं। भोजपुरी भाषा में दिलीप कुमार पांडेय द्वारा विद्यार्थियों को वर्णमाला, संख्याएं एवं हस्ताक्षर सिखाए गए, वहीं कन्नड़ भाषा में अश्वनी तिवारी ने दैनिक उपयोग के सरल वाक्यांश एवं अभिवादन से संबंधित जानकारी दी।
इस दौरान भारत सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा भारतीय भाषा समर कैंप-2026 के शुभारंभ का लाइव प्रसारण भी छात्र-छात्राओं को दिखाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन विनोद कुमार विमल एवं प्रमोद कुमार सिंह द्वारा किया गया।
प्रमोद मौर्य




