बैटरी चालित टैम्पो से जिला मुख्यालय पहुचे सदर विधायक
पीएम के आह्वान पर विधायक ने की ऊर्जा सरंक्षण की अनोखी पहल

महाराजगंज।(न्यूज पैच)। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के आह्वान पर ऊर्जा संरक्षण और वैश्विक तेल संकट के प्रति जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया मंगलवार को अपनी निजी गाड़ी छोड़ टैक्सी से जिला मुख्यालय पहुंचे।
जिला मुख्यालय पहुंचने के बाद विधायक ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर लोगों की समस्याओं का निस्तारण कराया। इस दौरान विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि वर्तमान समय में पूरी दुनिया ऊर्जा संकट की चुनौती से जूझ रही है। इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालातों के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसका असर भारत सहित कई देशों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की खपत कम करना समय की आवश्यकता है तथा प्रत्येक नागरिक को ऊर्जा संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार लोगों से संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील कर रहे हैं। उसी क्रम में उन्होंने स्वयं निजी वाहन का उपयोग न कर टैक्सी से यात्रा करने का निर्णय लिया, ताकि जनता को यह संदेश दिया जा सके कि छोटी-छोटी पहल से भी बड़े बदलाव संभव हैं। विधायक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक वाहन प्रयोग से बचें, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दें और ईंधन की बचत करें। इससे न केवल आर्थिक बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि देश हित में प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए ऊर्जा बचत के अभियान से जुड़ना चाहिए।
इस अवसर पर संजीव शुक्ला, मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता, शिवाकांत गुप्ता आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सुनील कुमार श्रीवास्तव




