धोखाधड़ी कर विदेश भेजने के नाम पर रुपये हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार

सिन्दुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्थानीय पुलिस ने धोखाधड़ी कर विदेश भेजने के नाम पर लाखों रूपये हड़पने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और विधिक कार्रवाई करते हुए चालान न्यायालय भेज दिया।
इस दौरान सिन्दुरिया थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश , अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण तथा मेरे नेतृत्व में उप निरीक्षक मनोज कुमार यादव, हे.का. रवि प्रकाश एवं का. अभिषेक यादव की टीम ने सोमवार को करीब 1.30 बजे थाना क्षेत्र के ग्रामसभा सेमरी गांव स्थित पुलिया के पास से आरोपी 43 वर्षीय हारुन पुत्र हिदायतुल्लाह निवासी बनकटी, थाना भिटौली को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, सेवायोजन कार्यालय महराजगंज का फर्जी आईडी कार्ड तथा नगद 90 रुपये बरामद किया गया ।
उन्होंने बताया कि 14 जून 2026 को वादी संजीव प्रजापति पुत्र रामलखन प्रजापति निवासी बरवा सोनिया द्वारा थाना स्थानीय पर लिखित तहरीर देकर अवगत कराया गया कि लगभग पांच माह पूर्व हारुन पुत्र हिदायतुल्लाह निवासी बनकटी, थाना भिटौली जिसका अतुल टूर एंड ट्रैवल्स नाम की दुकान भेड़िया, थाना सिन्दुरिया में स्थित है। वह स्वयं को सेवायोजन विभाग महराजगंज का कर्मचारी बताते हुए तथा विभाग का आईडी कार्ड दिखाकर न्यूजीलैंड भेजने का झांसा दिया गया । आरोपी द्वारा वादी एवं उसके अन्य साथियों से अलग-अलग खातों में प्रति व्यक्ति लगभग 1 लाख 58 हजार रुपये जमा कराया, लेकिन विदेश भेजने का वादा पूरा नहीं किया तथा धनराशि भी वापस नहीं की गई।
पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सिन्दुरिया बीएनएस की धारा 318(4) , 319(2) , 336(3) , 338 , 340(2) , 351(3) एवं 352 पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गई। विवेचना के दौरान आरोपी द्वारा प्रयुक्त सेवायोजन कार्यालय महराजगंज के कथित आईडी कार्ड का सत्यापन कराया गया, जो फर्जी पाया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये व्यक्ति के विरुद्ध जनपद के थाना ठूठीबारी एवं भिटौली में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
प्रमोद कुमार मौर्य




