व्यापार मंडल की बैठक में कस्बे में पुलिस द्वारा किया जा रहा वाहनों का चालान व रसोई गैस आपूर्ति में में हो रही दिक्कत का मसला बना रहा मुख्य मुद्दा

पनियरा, महराजगंज।(न्यूज पैच)। रविवार को स्थानीय प्रिस्का चिल्ड्रेन एकेडमी के प्रांगण में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की एक आवश्यक बैठक संगठन के अध्यक्ष दिलीप कसौधन की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में कस्बे के व्यापारियों और आम नागरिकों की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके त्वरित निस्तारण की रणनीति बनाई गई। रसोई गैस आपूर्ति और कस्बे में गाड़ियों के चालान की समस्या मुख्य मुद्दा बना रहा। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने मुख्य रूप से दो समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। पहली समस्या रसोई की सुचारू आपूर्ति को लेकर रही, जिससे गृहणियों और छोटे व्यापारियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरी प्रमुख समस्या कस्बे के दुर्गा मंदिर चौराहे पर पुलिस द्वारा किए जा रहे वाहनों के अत्यधिक चालान की रही। व्यापारियों का कहना है कि इससे बाजार आने वाले ग्राहकों में भय का माहौल है, जिसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष दिलीप कसौधन ने कहा, “अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल केवल व्यापारियों का ही नहीं, बल्कि आम जनता की आवाज है। रसोई गैस आपूर्ति और दुर्गा मंदिर चौराहे पर बेवजह हो रहे चालान की समस्या गंभीर है।
संगठन इन समस्याओं को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाएगा और इनका समाधान सुनिश्चित कराएगा।” उन्होंने यह भी दोहराया कि संगठन किसी भी स्तर पर व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेगा बैठक में संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। अंत में अध्यक्ष ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए एकजुटता बनाए रखने की अपील की।
बैठक में मुख्य रूप जिला उपाध्यक्ष इंजी. आकाश जायसवाल, रामफल जायसवाल, अजय जायसवाल, अमित जायसवाल, जवाहर मद्धेशिया. सभासद राजेश गुप्ता, बिंदेश्वरी प्रसाद जायसवाल, भोला जायसवाल, अशोक जायसवाल, ओमप्रकाश कनौजिया एवं अन्य बहुत से सम्मानित व्यापारी उपस्थित रहे।
आफताब आलम खां
पनियरा महराजगंज




