दशमोत्तर छात्रवृत्ति की संशोधित समय-सारिणी जारी, 31 अक्टूबर तक होंगे नए आवेदन
संस्थानों का मास्टर डेटा 26 सितंबर तक, नवीनीकरण के आवेदन 15 अक्टूबर और नए आवेदन 31 अक्टूबर तक

महराजगंज।(न्यूज पैच)। शैक्षिक सत्र 2026-27 में दशमोत्तर कक्षाओं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव ने जनपद के संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डेटा तैयार करने की प्रक्रिया 22 जुलाई से 26 सितंबर 2026 तक पूरी की जाएगी। विश्वविद्यालय अथवा संबंधित एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा फीस आदि के सत्यापन की अवधि 23 जुलाई से 27 सितंबर निर्धारित की गई है। वहीं अल्पसंख्यक संस्थानों की मैपिंग 25 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक की जाएगी।
विद्यार्थियों के लिए भी आवेदन की अलग-अलग समय-सीमा निर्धारित की गई है। नवीनीकरण वाले छात्र-छात्राएं 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर हार्डकॉपी जमा कर सकेंगे। वहीं नवीन विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। ऐसी संशोधित समय-सारिणी अन्य जिलों में भी जारी की गई है।
विभाग ने संबंधित शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पोर्टल पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने तथा पात्र विद्यार्थियों के आवेदन समय से कराने को कहा है, ताकि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार पूरी हो सके।




