नगर पालिका अध्यक्ष ने विकास कार्यों का किया निरीक्षण, सड़क, सफाई और शिक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

महराजगंज।(न्यूज़ पैच)। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने नगर क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अमरुतिया के केवटहिया टोला में नव निर्मित आरसीसी सड़क का निरीक्षण किया, स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था का भी अवलोकन किया। उन्होंने सफाई कर्मियों को नियमित रूप से सफाई अभियान चलाने और नालियों व सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना नगर पालिका परिषद की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद डॉ. पुष्पलता मंगल प्राथमिक विद्यालय अमरुतिया पहुंचीं, जहां उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित विद्यालय आने और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा को सबसे बड़ा आधार बनाने की प्रेरणा दी। विद्यालय के शिक्षकों से भी उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के अगले चरण में अध्यक्ष ने निचलौल रोड पर पोकलेन मशीन से चल रहे नाले की सफाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम को देखते हुए नालों की सफाई समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरी की जाए, ताकि जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो और वर्षा जल की निकासी सुचारु बनी रहे।
इसके उपरांत उन्होंने कर पथ पार्क पहुंचकर साफ-सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को पार्क की नियमित साफ-सफाई, हरियाली और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए, जिससे नगरवासियों को स्वच्छ एवं आकर्षक वातावरण उपलब्ध हो सके।
डॉ. पुष्पलता मंगल ने कहा कि नगर पालिका परिषद नागरिकों को बेहतर सड़क, स्वच्छता, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सभासद राजेंद्र गौतम, सफाई नायक इंद्राशन, कार्यालय सहायक संदीप सहानी, आरिफ खान, रवि कुमार तथा प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकगण सहित नगर पालिका परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे।




