तहसील स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता का हुआ भव्य शुभारंभ

महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्थानीय गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज, महराजगंज के परिसर में सोमवार को दो दिवसीय तहसील स्तरीय माध्यमिक क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य धनंजय सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के निदेशक डॉ. बलराम भट्ट तथा विशिष्ट अतिथि माध्यमिक शिक्षा के वित्त एवं लेखाधिकारी अब्रार आलम रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना, गणेश वंदना सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मार्च पास्ट की सलामी लेने के बाद मशाल दौड़ के साथ प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. बलराम भट्ट ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए इन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। विशिष्ट अतिथि अब्रार आलम ने विभिन्न खेलों के महत्व तथा खेलों से सामाजिक जीवन में मिलने वाले लाभों के बारे में खिलाड़ियों को जानकारी दी।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन विभिन्न आयु वर्गों में दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 800 मीटर दौड़ बालक वर्ग अंडर-19 में गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज के कपिल देव ने प्रथम, साधु शरण भारद्वाज इंटर कॉलेज बेलवा काजी के करन यादव ने द्वितीय तथा डीपीवी इंटर कॉलेज घुघली के राजेंद्र यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
600 मीटर दौड़ बालक वर्ग अंडर-14 में इंटर कॉलेज कोटा मुकुंदपुर के सुहेल अली प्रथम तथा सिद्धांत पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल बाजार के खिलाड़ी द्वितीय रहे।
800 मीटर दौड़ बालिका वर्ग अंडर-17 में पनियरा इंटर कॉलेज की प्रीति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज की जाह्नवी शर्मा द्वितीय तथा इसी विद्यालय की नंदिनी तृतीय रहीं।
800 मीटर दौड़ बालक वर्ग अंडर-17 में दिग्विजय नाथ इंटर कॉलेज, चौक बाजार के जाहिद अली प्रथम, गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज के सूरज द्वितीय तथा साधु शरण भारद्वाज इंटर कॉलेज बेलवा काजी के शुभम मौर्य तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में महराजगंज के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं व्यायाम शिक्षकों के साथ बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के आयोजन एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी व्यायाम शिक्षक अभिषेक पांडेय ने निभाई, जबकि संचालन अमरेंद्र शर्मा ने किया।
इस अवसर पर मेजर अखिलेश्वर राव कृष्ण कुमार शुक्ल, डॉ. संतोष मिश्र, राजेश कुमार, राजेश जायसवाल, डॉ. नवीन श्रीवास्तव, अखंड प्रताप दुबे, समाजीत,विंद्रेश प्रसाद, शशिभूषण त्रिपाठी, संतराज यादव, अजीत पटेल, आदित्य मणि , राजेश कुमार मिश्र सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे l




