गुरु रविदास जयंती पर निकली पावन माटी कलश वंदन यात्रा, श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
संत रविदास के समरसता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, घुघली में हुआ रात्रि विश्राम

महराजगंज।(न्यूज पैच)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी के समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी स्थित सीर गोवर्धनपुर से लाई गई पावन माटी युक्त कलश वंदन यात्रा शनिवार को सदर विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, आरती एवं जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया गया।
वाराणसी से प्रारंभ हुई यह यात्रा 31 जुलाई को महराजगंज पहुंची थी। खेम पिपरा स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया के नेतृत्व में यात्रा पुनः रवाना हुई। गांव की महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान से कलश की आरती उतारकर मंगलकामनाओं के साथ यात्रा को विदाई दी।
इसके बाद यात्रा शिकारपुर पहुंची, जहां जिला उपाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, प्रमुख प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल, प्रमुख विवेक गुप्ता, चेयरमैन संतोष जायसवाल, मंडल अध्यक्ष हेमंत गुप्ता तथा विजय गौड़ सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने कलश का स्वागत किया। यात्रा घुघली क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मंदिरों में पूजन-अर्चन करती हुई घुघली स्थित मंदिर पहुंची, जहां रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि पावन माटी युक्त यह कलश यात्रा समाज में भाईचारा और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के साथ संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
जिला उपाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक समता और मानव कल्याण का प्रतीक है तथा उनके आदर्शों को अपनाकर ही समरस समाज का निर्माण संभव है।
प्रमुख प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल ने कहा कि यह यात्रा सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश देने के साथ नई पीढ़ी को संत रविदास के विचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अभियान है।
प्रमुख विवेक गुप्ता ने कहा कि संत रविदास के बताए मार्ग पर चलकर ही सामाजिक भेदभाव समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहा है।
इस अवसर पर चेयरमैन संतोष जायसवाल, मनोज जायसवाल, राम आशीष, मान सिंह, प्रधान संघ घुघली अध्यक्ष चतुर्भुजा सिंह, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष बैजनाथ गुप्ता, राधेश्याम गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष राम कोमल चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




