स्वच्छता कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन की नई जिला कार्यकारिणी का गठन, संगठन की मजबूती पर हुआ मंथन

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद महराजगंज के पंचायती राज विभाग में कार्यरत स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के कार्मिकों की स्वच्छता कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की नई जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया तथा कर्मचारियों की समस्याओं और संगठन को सशक्त बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में स्वच्छता कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं निर्वाचन अधिकारी आशीष मिश्रा की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। चुनाव के उपरांत सभी पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन घोषित किया गया।
नई कार्यकारिणी में ए.के. उपाध्याय को जिला संरक्षक, संतोष शुक्ला को जिला अध्यक्ष, मनोज प्रजापति को जिला महामंत्री, विनय कुमार शर्मा को जिला कोषाध्यक्ष, योगेंद्र कनौजिया को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सुधाकर मौर्य को उपाध्यक्ष, अमित कुमार पांडेय को मंत्री, शुभम उपाध्याय को संगठन मंत्री तथा अविनाश चतुर्वेदी को मीडिया प्रभारी चुना गया।
इसके अलावा शिव शंकर नाथ तिवारी, अंगद यादव, ऋषि कपूर पटेल एवं प्रदीप मणिक त्रिपाठी को कार्यकारी सदस्य के रूप में निर्विरोध निर्वाचित किया गया।
निर्वाचन के बाद आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत कार्यरत कार्मिकों के समक्ष आने वाली वर्तमान समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही भविष्य में संगठन की कार्ययोजना और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष पटेल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे।




