अब सारथी मित्र होंगे और सशक्त, संस्था की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नीरा चंद्रा के हाथों टैबलेट का हुआ वितरण
सशक्त नारी समाज को नई दिशा देने में सबसे अग्रणी,केएमसी का प्रयोग सराहनीय—नीरा चंद्रा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में केएमसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की गई। संस्था द्वारा सारथी मित्रों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने और उनके कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से टैबलेट का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नीरा चंद्रा ने सारथी मित्रों को टैबलेट प्रदान करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में तकनीक केवल सुविधा का माध्यम नहीं, बल्कि सशक्तिकरण का एक महत्वपूर्ण साधन बन चुकी है।
केएमसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में टैबलेट प्राप्त करने वाली सारथी मित्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। टैबलेट मिलने के बाद उनके चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया। मिली जानकारी के अनुसार सारथी मित्रों की भूमिका समाज के विभिन्न वर्गों तक चिकित्सीय सुविधाओं की आवश्यक जानकारी और सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भुमिका है । ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों के बीच भारत सरकार के जन आरोग्य योजना जागरूकता पैदा करने में यह मिल पत्थर साबित होगा । अब वे डिजिटल माध्यम से सूचनाओं का आदान-प्रदान करने, आवश्यक जानकारी एकत्र करने और अपने कार्यों का बेहतर तरीके से प्रबंधन करने में सक्षम हो सकेंगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल संसाधनों तक महिलाओं की पहुंच बढ़ाना समय की आवश्यकता है। जब आपको तकनीक और आधुनिक संसाधनों से जोड़ा जाता है तो उनके आत्मविश्वास के साथ-साथ निर्णय लेने की क्षमता में भी वृद्धि होती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. नीरा चंद्रा ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब वहां की महिलाएं शिक्षा, तकनीक, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में समान रूप से आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल सहायता देने के बजाय उन्हें इतना सक्षम बनाया जाना चाहिए कि वे स्वयं अपने अधिकारों और अवसरों को समझ सकें तथा समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकें। इसके लिए यह प्रयास काफी सहयोगी होगा ।
डॉ. नीरा चंद्रा ने कहा कि सारथी मित्रों को टैबलेट उपलब्ध कराने का उद्देश्य केवल उन्हें एक डिजिटल डिवाइस देना नहीं है, बल्कि उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़कर उनके कार्यों को अधिक प्रभावी और परिणामदायी बनाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सारथी मित्र इस सुविधा का उपयोग समाजहित में करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता और आवश्यक जानकारी पहुंचाने का कार्य करेंगी।
केएमसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल द्वारा की गई इस पहल का एक महत्वपूर्ण पक्ष स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता से भी जुड़ा है। सारथी मित्र अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों के बीच स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला एवं बाल स्वास्थ्य तथा अन्य सामाजिक विषयों को लेकर जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
टैबलेट वितरण के दौरान सारथी मित्रों ने संस्था की इस पहल की सराहना की। उनका कहना था कि डिजिटल उपकरण मिलने से उनके काम को काफी सुविधा मिलेगी और वे अपने दायित्वों को पहले की अपेक्षा बेहतर ढंग से निभा सकेंगी।
सारथी मित्रों ने कहा कि आज के समय में मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से सूचनाओं तक पहुंच आसान हो गई है, लेकिन कई कार्यों के लिए बड़े स्क्रीन वाले डिजिटल उपकरण की आवश्यकता होती है। टैबलेट मिलने से उन्हें जानकारी जुटाने, उसे सुरक्षित रखने और आवश्यकतानुसार उपयोग करने में सुविधा होगी।
टैबलेट वितरण के इस कार्यक्रम ने सारथी मित्रों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया। संस्था की इस पहल से उम्मीद है कि तकनीकी रूप से सशक्त होकर सारथी मित्र समाज के बीच अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाएंगी तथा ‘सशक्त नारी—सशक्त समाज’ के संकल्प को जमीन पर मजबूती प्रदान करेंगी।




