मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर महराजगंज में जनकल्याणकारी शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का आयोजन
उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने किया शुभारंभ, लाभार्थियों को वितरित किए गए योजनाओं के लाभ

महराजगंज।(न्यूज पैच)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे प्रदेशव्यापी समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जनकल्याणकारी शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों से अवगत कराना तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों और विकास प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी में सूचना विभाग द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, युवा, महिला एवं गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं, उत्तर प्रदेश की आधारभूत संरचना परियोजनाओं, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास, सुदृढ़ आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था तथा विकसित उत्तर प्रदेश-2047 की परिकल्पना को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। साथ ही जनपद की विकास यात्रा को भी प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि महेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
महेश शुक्ला ने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर एक सशक्त और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। देश की अर्थव्यवस्था लगातार प्रगति कर रही है और सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा गरीबों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘संकल्प से सिद्धि’ की यात्रा को नई गति मिली है तथा वर्षों से लंबित जन आकांक्षाओं को पूरा करने का कार्य हुआ है। स्वच्छ भारत अभियान से जनस्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार आया है। उन्होंने विशेष रूप से पूर्वांचल और गोरखपुर मंडल में इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम में आयोजित विचार गोष्ठी के दौरान प्रबुद्धजनों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. शांति शरण मिश्रा ने शिक्षा क्षेत्र में हुए सुधारों, निपुण भारत मिशन और समग्र शिक्षा अभियान के प्रभावों पर प्रकाश डाला। डॉ. सूरज सिंह ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की। वहीं प्रभाकर द्विवेदी, अरुण शुक्ला एवं जिला प्रभारी राम जियावन मौर्य ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। उद्योग विभाग की ओडीओपी योजना के अंतर्गत दो लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई, जबकि मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान के तहत तीन लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान भारत योजना के पांच लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र दिए गए। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के दो लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की गई तथा बैंक सखी के रूप में कार्यरत पांच स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्धजनों द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




