बूंदाबांदी से मौसम का मिजाज बदला, ऊमस से मिली राहत
हल्की बारिश होने से रोपाई तेज, शहर में कीचड़युक्त रास्ताें से बढ़ी दुश्वारियां

महराजगंज।(न्यूज पैच)। मौसम का मिजाज बदलने के कारण ऊमस से थोड़ी राहत मिली। बृहस्पतिवार को सुबह से ही हल्की बूंदाबादी होती रही। जिले में कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। इससे रोपाई में तेजी आ गई। वहीं दूसरी शहर में सड़कें कीचड़युक्त होने से लोगों को आने जाने में परेशानी हुई। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले चार दिनों में मौसम खराब रहने की संभावना है।
बृहस्पतिवार सुबह सात बजे हल्की बूंदाबांदी हुई। कुछ देर बाद मौसम सामान्य हो गया। इसके बाद बदली छा गई। दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदलने से कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। इससे किसानों से राहत महसूस की। मोहनापुर के किसान राजेंद्र यादव कहते हैं कि इन दिनों बारिश की बेहद जरूरत है।
जिले में अभी तमाम स्थानों पर रोपाई नहीं हुई है। बारिश होने के कारण पंपिंगसेट से सिंचाई करने में समय कम लगेगा। क्योंकि खेत में नमी है। मौसम कुछ दिनों तक इसी तरह से बना रहा तो समस्या नहीं होगी। चेहरी के गोविंद मणि ने बताया कि एक सप्ताह पहले रोपाई की गई थी। अब सिंचाई की जरूरत महसूस हो रही थी। हल्की बारिश होने से खेतों में नमी लौट आई है। इससे रोपाई को फायदा हुआ है। वहीं दूसरी ओर से महराजगंज नगर क्षेत्र की बात करें तो गांधी नगर मोहल्ले में बदहाल सड़क कीचड़युक्त हो गई है। पहले से खराब हुई सड़क पर चलना दुश्वार हो गया है। घरों से निकला गंदा पानी सड़क पर होने से समस्या हो रही है। सड़क पर कुछ स्थानों पर मिट्टी डालकर अतिक्रमण कर दिया गया है। ऐसे में बारिश होने से कीचड़ के कारण फिसलन बढ़ गई है। गांधी नगर के राजेंद्र बाइक से जाने के दौरान गिरकर घायल हो गए। उन्होंने बताया कि गांधी नगर में घरों के सामने कुछ जगहों पर नाली बंद कर दी गई है। कुछ स्थानों पर सड़क पर मिट्टी डालकर अतिक्रमण कर लिया गया है। जब कभी हल्की बारिश होती है तो आना जाना बेहद खतरनाक हो जाता है। शहर में ही चिऊरहा रोड पर नाला निर्माण के लिए खोदाई करके छोड़ दिया गया है। दुकानदारों की आमदनी प्रभावित हो गई है। रास्ता नहीं होने के कारण ग्राहक दुकान पर नहीं पहुंच रहे हैं।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया की आने वाले चार दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। जिले में कहीं कहीं हल्की बारिश के आसार होने के साथ ही तेज हवा चल सकती है।




