पिछड़ा वर्ग के युवाओं के लिए खुशखबरी, ‘ओ’ लेवल व CCC कंप्यूटर प्रशिक्षण के आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद के पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए संचालित ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के तहत आवेदन करने वालों को बड़ी राहत मिली है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 20 जुलाई 2026 कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि यह योजना पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवाओं को सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दक्ष बनाने और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। प्रशिक्षण भारत सरकार की अधिकृत संस्था नीलिट (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) से मान्यता प्राप्त जनपद के चयनित शिक्षण संस्थानों में कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट backwardwelfareup.gov.in पर उपलब्ध लिंक अथवा https://obccomputertraining.upsdc.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन पूरा करने के बाद आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आवश्यक अभिलेखों के साथ 20 जुलाई 2026 को सायं 5 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, महराजगंज में अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल ऑनलाइन आवेदन करना पर्याप्त नहीं होगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी जमा नहीं करने पर आवेदन अपूर्ण माना जाएगा और उस पर विचार नहीं किया जाएगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने पात्र युवक-युवतियों से समय रहते आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि यह योजना युवाओं को कंप्यूटर शिक्षा के माध्यम से रोजगारोन्मुख बनाने की महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे में अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थी इसका लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।




