81 बार रक्तदान और नेत्रदान के लिए रोटरी क्लब के पूर्व सचिव विनोद गुप्ता सम्मानित
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सदर ब्लॉक प्रांगण में सेवा संकल्प दिवस के अवसर पर सामाजिक सेवा और मानवता के क्षेत्र में निरंतर योगदान देने वाले रोटरी क्लब के पूर्व सचिव, वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी विनोद कुमार गुप्ता को सर्वाधिक रक्तदान करने तथा नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं महराजगंज सांसद पंकज चौधरी ने सम्मानित करते हुए प्रमाणपत्र प्रदान किया।
विनोद कुमार गुप्ता अब तक 81 बार स्वैच्छिक रक्तदान कर चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने नेत्रदान का संकल्प लेकर समाज में सेवा और मानवता का संदेश दिया है। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की मदद करने के साथ ही वे लोगों को भी नियमित रूप से रक्तदान के लिए प्रेरित करते रहे हैं।
महराजगंज में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने विनोद गुप्ता के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्य से किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
विनोद कुमार गुप्ता ने कहा कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सेवा है। स्वस्थ व्यक्ति को नियमित अंतराल पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि जरूरत के समय किसी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।
विनोद गुप्ता के 81 बार रक्तदान और नेत्रदान के संकल्प की जानकारी सामने आने पर सामाजिक संगठनों और रोटरी क्लब से जुड़े लोगों ने भी उन्हें बधाई दी। रोटरी क्लब महराजगंज में सचिव के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी की है।
उल्लेखनीय है कि महराजगंज में आयोजित एक स्वास्थ्य कार्यक्रम में भी केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने रक्तदान करने वाले लोगों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया था, जिसमें सर्वाधिक नेत्रदान करवाने वाले सृजन आई हॉस्पिटल के डॉक्टर बीएन वर्मा,विनोद कुमार गुप्ता, रोटरी क्लब के उपाध्यक्ष विजय सिंह संत, जोनल सेक्रेटरी देवेश कुमार पांडे, कमला प्रसाद को भी सम्मानित किया गया ।




