अचानक आई तेज आंधी व बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त

पनियरा, महराजगंज।(न्यूज पैच)। पनियरा क्षेत्र में बुधवार शाम मौसम अचानक बदल गया। तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली।
दिनभर की उमस और तेज धूप के बाद हुई इस बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
हालांकि, जहां आम लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं शादी वाले घरों के लिए यह बारिश परेशानी का सबब बन गई। क्षेत्र में इन दिनों शादी के शुभ मुहूर्त चल रहे हैं, और कई घरों में बारात आने की तैयारियां चल रही थीं।
अचानक आई तेज आंधी और बारिश के कारण टेंट, सजावट और अन्य व्यवस्थाओं को भारी नुकसान पहुंचा। कई स्थानों पर बिजली की तेज गड़गड़ाहट और चमक ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी। ग्रामीणों ने बताया कि बेटियों की शादी वाले घरों में बारात के स्वागत और अन्य कार्यक्रमों में बाधा उत्पन्न हुई।

दूसरी ओर, यह बारिश किसानों के लिए फायदेमंद साबित हुई है। स्थानीय किसान रमाकांत प्रजापति, जगदीश यादव, बाबूलाल , मोहम्मद ईशा,राम अचल और सुरेंद्र यादव ने बताया कि इस बारिश से खेतों में नमी बढ़ेगी, जिससे सब्जियों और अन्य फसलों को लाभ मिलेगा। गर्मी के मौसम में यह बारिश खेती के लिए संजीवनी मानी जा रही है।
कुल मिलाकर, यह बारिश एक तरफ आमजन और किसानों के लिए राहत लेकर आई, वहीं शादी वाले परिवारों के लिए चिंता और नुकसान का कारण बनी। मौसम विभाग ने आगे भी मौसम में बदलाव की संभावना जताई है, जिसके मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आफताब आलम खान
पनियरा महराजगंज




