मोहर्रम पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने बड़हरा बरईपार पहुंचे एडीएम और एएसपी, पैदल गश्त कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

महराजगंज।(न्यूज पैच)। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आए। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के बड़हरा बरईपार में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मोहर्रम के जुलूस मार्गों, प्रमुख चौराहों तथा संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने और लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा गया।
अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, ताजिया कमेटियों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों से संवाद स्थापित कर त्योहार को आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और पारंपरिक मर्यादाओं के अनुरूप मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महराजगंज की पहचान हमेशा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण पर्व आयोजन के लिए रही है और इस परंपरा को बनाए रखने में आमजन की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि जुलूस मार्गों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न रहे तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर सके। अधिकारियों ने थाना प्रभारी सहित ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहें और कानून-व्यवस्था पर कड़ी नजर बनाए रखें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम पर्व के दौरान जनपद के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है और अफवाह फैलाने अथवा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन और पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति के साथ मनाकर सामाजिक एकता की मिसाल कायम करें।




