थानाध्यक्ष संग व्यापार मंडल की हुई बैठक
पुलिस व व्यापारियों में तालमेल आवश्यक: थानाध्यक्ष

पनियरा, महराजगंज।(न्यूज पैच)। रविवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक पनियरा थाने पर आयोजित की गई। यह बैठक नवागत थानाध्यक्ष संजय सिंह की अध्यक्षता में व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था और उनकी समस्याओं को लेकर संपन्न हुई।बैठक में संगठन के अध्यक्ष दिलीप कसौधन ने नवागत थानाध्यक्ष को व्यापारियों की मूलभूत समस्याओं से विस्तार से अवगत कराया।
संगठन के अध्यक्ष ने कस्बे में पिछले काफी दिनों से चल रही सघन गाड़ी चेकिंग के कारण व्यापारियों और ग्राहकों को आ रही दिक्कतों की ओर थानाध्यक्ष का ध्यान आकर्षित किया।उन्होंने यह भी कहा कि दुर्गा मंदिर चौराहे पर दुकानों के ठीक सामने घंटों टैक्सियों के खड़े रहने से व्यापार प्रभावित होने और आमजन को असुविधा होती है। बाजार और व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की मांग की गई।थानाध्यक्ष ने व्यापारियों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद उनके त्वरित समाधान के लिए व्यापार मंडल को आश्वस्त किया।
थानाध्यक्ष ने व्यापारियों की सराहना करते हुए कहा, “व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी हैं। देश में किसी भी आपात स्थिति या विषम परिस्थिति में व्यापारी हमेशा देश सेवा के लिए आगे रहा है। इसलिए व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”उन्होंने आगे कहा कि पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय (तालमेल) बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि एक सुरक्षित और भयमुक्त व्यापारिक माहौल तैयार किया जा सके।
इस बैठक में मुख्य रूप से विधानसभा अध्यक्ष इंजी आकाश जायसवाल, महामंत्री अजय जायसवाल, कोषाध्यक्ष रामनिवास सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कसौधन, राकेश जायसवाल, राजेश गुप्ता, अजय वर्मा, मनीष गुप्ता, संगठन मंत्री पिंटू जायसवाल बालमुकुंद, मीडिया प्रभारी भोला जायसवाल एवं बिन्देश्वरी प्रसाद जायसवाल सहित कई प्रमुख पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।
आफताब आलम खां




