मोबाइल दुकान में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

महराजगंज।(न्यूज पैच)। घुघली थाना क्षेत्र के बसंतपुर बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी की वारदात का महराजगंज पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार मोबाइल मदरबोर्ड तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार 10 जुलाई 2026 को बसंतपुर बाजार स्थित ए टू ज़ेड मोबाइल दुकान में अज्ञात चोरों ने रात के समय चोरी की घटना को अंजाम देते हुए चार मोबाइल फोन और चार मोबाइल मदरबोर्ड चोरी कर लिए थे। घटना की सूचना पर थाना घुघली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और मुखबिर की मदद से 12 जुलाई को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी के Honor, Realme, Samsung और Infocus कंपनी के चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार मोबाइल मदरबोर्ड तथा घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर और हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय वर्मा, निवासी सिद्धार्थनगर (हाल निवासी सिसवा बाजार), रेजानूर अली, मूल निवासी मुर्शीदाबाद (पश्चिम बंगाल) हाल निवासी सिसवा बाजार तथा विवेक वर्मा, निवासी सिसवा बाजार के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य धाराओं की भी बढ़ोतरी की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की बरामदगी को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हो सके।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राकेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक शाहिद शिद्दीकी, मुख्य आरक्षी बाबूराम यादव, आरक्षी जैसपर बिन्द्रो, उज्ज्वल दीक्षित, प्रमोद यादव तथा सोनू कनौजिया शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।




