सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले विभागों को चेतावनी
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा— योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनपद की रैंकिंग सुधारने पर दें विशेष ध्यान

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति और सीएम डैशबोर्ड पर विभागवार प्रदर्शन की समीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति का बिंदुवार मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और परिणामपरक कार्य करने के निर्देश दिए गए। कई योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी भी व्यक्त की।
बैठक में कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, नेडा, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उद्यान, मत्स्य सहित अनेक विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सके।
उन्होंने फैमिली आईडी निर्माण को मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने लाभार्थियों की फैमिली आईडी शत-प्रतिशत बनवाने की दिशा में विशेष अभियान चलाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए फैमिली आईडी महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पर्यटन विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब हो रहा है, वहां संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को तत्काल पत्र भेजकर कार्यों में गति लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि योजनाओं में देरी का सीधा असर जनपद की रैंकिंग पर पड़ता है, इसलिए सभी विभाग समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराएं।
मुख्य विकास अधिकारी ने अगले चार दिनों तक विभागीय पोर्टल पर लगातार निगरानी रखने तथा सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित योजनाओं की प्रगति में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बी एवं सी ग्रेड प्राप्त योजनाओं में तेजी से सुधार लाकर उन्हें बेहतर श्रेणी में लाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा के दौरान लक्ष्य के सापेक्ष कम ऋण वितरण पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बैंक स्तर पर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए और पात्र लाभार्थियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रोजगारपरक योजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें, विभागीय पोर्टलों को अद्यतन रखें तथा योजनाओं की प्रगति में आने वाली बाधाओं का समय रहते समाधान सुनिश्चित करें, जिससे जनपद की रैंकिंग में निरंतर सुधार हो सके।
समीक्षा बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सुर्वे, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी, डीएसटीओ निरंकार, सहायक पर्यटन अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




