स्कूल चलो अभियान को मिली नई गति, सदर विधायक ने दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी; शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण की नींव

महराजगंज।(न्यूज पैच)। प्रदेश सरकार के ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत बुधवार को मुख्यालय स्थित प्राथमिक विद्यालय चौपरिया में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कराने तथा अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों की सुविधाओं से अवगत कराने का संदेश दिया गया। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को अपने बच्चों का नामांकन विद्यालयों में कराने और नियमित रूप से पढ़ाई के लिए भेजने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई, जिसकी सभी ने सराहना की। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह ने सदर विधायक को प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अरविंद जायसवाल ‘सरस’ ने किया।
अपने संबोधन में सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने कायाकल्प योजना के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों की तस्वीर और तकदीर बदलने का ऐतिहासिक कार्य किया है। आज सरकारी विद्यालयों में आधुनिक भवन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, स्मार्ट कक्षाएं, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे और मध्यान्ह भोजन जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे गरीब और सामान्य परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है।
उन्होंने कहा कि केवल विद्यालयों में सुविधाएं उपलब्ध कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक बच्चे को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उसकी शिक्षा पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह आधार है, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ राष्ट्र और समाज के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करती है।
विधायक ने शिक्षकों से बच्चों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का आह्वान किया। वहीं अभिभावकों से अपील की कि वे सरकारी विद्यालयों पर विश्वास जताते हुए अपने बच्चों का नामांकन कराएं और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक पी.के. शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह, प्रधानाध्यापिका अर्चना त्रिपाठी, शिक्षक अखिलेश पाठक, पंकज मौर्य, बलराम निगम, गोपाल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के प्रति जागरूकता और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।




