मन की बात’ के 135वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण, सदर विधायक ने प्रधानमंत्री के संदेशों को बताया राष्ट्र निर्माण का मार्ग
वीर बहादुर नगर बूथ पर कार्यकर्ताओं और नागरिकों संग सुना कार्यक्रम, पर्यावरण, स्वच्छता, आत्मनिर्भर भारत और जनभागीदारी पर दिया गया विशेष जोर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड का रविवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के नगर पालिका परिषद अंतर्गत वीर बहादुर नगर स्थित बूथ संख्या-206 पर सामूहिक श्रवण किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, बूथ कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम को ध्यानपूर्वक सुना और प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि ‘मन की बात’ आज केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं रह गया है, बल्कि यह देशवासियों को सकारात्मक सोच, जनभागीदारी, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला एक प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक माह देश के विभिन्न हिस्सों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सामान्य नागरिकों की प्रेरणादायक कहानियों को देश के सामने लाकर सेवा, नवाचार और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करते हैं।
विधायक ने कहा कि इस बार के एपिसोड में प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता अभियान, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा युवाओं की सकारात्मक भागीदारी जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि इन संदेशों को केवल सुनना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आधार है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा प्रधानमंत्री के संदेशों को घर-घर पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को विकास यात्रा से जोड़ने का कार्य करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संवाद का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है और ऐसे कार्यक्रम नागरिकों को राष्ट्रहित के कार्यों में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल बचाने और स्थानीय उत्पादों के उपयोग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष सनन्दन पटेल, भीष्म तिवारी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरुणेश शुक्ला, पेड़ बाबा, इल्ताफ खान, आशीष कन्नौजिया सहित बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र के पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




