मोहर्रम को लेकर पुलिस अलर्ट, एएसपी ने भारी पुलिस बल के साथ किया पैदल गश्त
सिंदुरिया क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील

सिंदुरिया, महराजगंज।(न्यूज पांच)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने थाना सिंदुरिया क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों का भारी पुलिस बल के साथ पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस टीम ने बाजारों और मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाकर आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
अपर पुलिस अधीक्षक ने गश्त के दौरान स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों से संवाद स्थापित कर आगामी मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखी जाए।
गश्त के दौरान पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अराजक तत्वों, अफवाह फैलाने वालों तथा शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोहर्रम के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गश्त, चेकिंग और निगरानी अभियान जारी रहेगा ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की संभावना को समय रहते रोका जा सके। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
महराजगंज पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे मोहर्रम पर्व को परंपरागत तरीके से, शांति और सौहार्द के वातावरण में मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि आमजन की सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रमोद कुमार मौर्य




