अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद
नेपाल में खपाई जाती थीं चोरी की मोटरसाइकिलें, आरोपी पर 26 संगीन मुकदमे दर्ज

महराजगंज।(न्यूज पैच)। महराजगंज पुलिस को वाहन चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना श्यामदेउरवा पुलिस ने एक शातिर अंतरजनपदीय वाहन चोर को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ महराजगंज, कुशीनगर और गोरखपुर जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कुल 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में वाहन चोरों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र की परतावल चौकी पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी।
पुलिस के अनुसार चौकी प्रभारी परतावल उपनिरीक्षक आलोक कुमार राय अपनी टीम के साथ धरमौली से भैंसा पुल जाने वाले मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान दोपहर लगभग 2:23 बजे एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोककर पूछताछ की गई। जांच के दौरान पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल 15 जून 2026 को छातीराम स्थित देशी शराब भट्टी के पास से चोरी की गई थी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने कई अहम खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि वह गोरखपुर, कुशीनगर और महराजगंज जनपदों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और बाद में चोरी की गाड़ियों को नेपाल में बेच देता था। आरोपी ने बताया कि 15 जून को चोरी की गई बाइक को भी वह नेपाल ले जाकर बेचने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उसे रास्ते में ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र साहनी पुत्र लाठी उर्फ तुफानी, निवासी ग्राम चैनपुर, थाना कोठीभार, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल (UP 56 AM 4043) बरामद की है। इस संबंध में थाना श्यामदेउरवा में मुकदमा अपराध संख्या 184/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी एक अभ्यस्त अपराधी है। उसके विरुद्ध कुशीनगर, गोरखपुर और महराजगंज के विभिन्न थानों में कुल 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके अन्य सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई को थाना श्यामदेउरवा पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी परतावल उपनिरीक्षक आलोक कुमार राय, उपनिरीक्षक शुभम कुमार चौबे, हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र यादव सहित थाना श्यामदेउरवा की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




