थाना समाधान दिवस: 85 में 14 मामलो का निस्तारण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। जनपद भर में कुल 85 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 14 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने थाना पुरन्दरपुर और कोल्हुई में आयोजित समाधान दिवस में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और मामलों का शीघ्र एवं न्यायपूर्ण समाधान हो सके। साथ ही थाना स्तर, आईजीआरएस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त भूमि संबंधी शिकायतों को थाना समाधान दिवस रजिस्टर में दर्ज कर दोनों पक्षों की उपस्थिति में निस्तारित करने को कहा गया।
इसके अलावा जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल के थानों पर मौजूद रहे तथा थाना प्रभारियों ने राजस्व कर्मियों के साथ मिलकर जनता की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान की कार्रवाई की। प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक मामले का गंभीरता से समाधान किया जाए।
सुनील कुमार श्रीवास्तव




